मध्य प्रदेश में थाना और पुलिस दोनों नहीं है सुरक्षित थाना परिसर में घुसकर प्रधान आरक्षक पर जानलेवा हमला सिर में आई गंभीर चोट, जिला चिकित्सालय में भर्ती
शेखर खान "पत्रकार"
सीधी। जिले के भुईमाड़ थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने थाना परिसर में घुसकर ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक पर हमला कर दिया। हमले में प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार भुईमाड़ निवासी ओमप्रकाश द्विवेदी (21 वर्ष), पिता वैजनाथ द्विवेदी दोपहर थाना परिसर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने अपने पास रखें डंडे से प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने घायल प्रधान आरक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनके सिर में गंभीर चोट होने पर 23 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के संबंध में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 351, 115, 132, 121 एवं 196 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इनका कहना है।
थाना परिसर के बाहर एक व्यक्ति द्वारा डंडा लेकर पटका जा रहा था, यह सुन कर थाने में मौजूद प्रधान आरक्षक बाहर आया और उसे मना करने लगा तो वह उसके ऊपर हमला कर दिया, जिसके चलते प्रधान आरक्षक के सिर एवं पैर में चोटे आई है, इस दौरान थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी बाहर निकल कर आरोपी को पकड़ लिए, उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन अपराधी के ऊपर क्या एक्शन लेती है अपराधी के ऊपर रासुका जैसी कार्यवाही होती है या सामान्य कार्यवाही करके अपराधियों के हौसले बुलन्द करती है

0 Comments