Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोटरसाइकिल से गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोटरसाइकिल से गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार 


53 हजार रुपये की मशरूका जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में किया पेश



शेखर खान "संपादक"

9425181008


शहडोल। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देश पर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बुढ़ार थाना पुलिस ने चौकी केशवाही क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा परिवहन के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे दो प्लास्टिक पैकेटों में कुल 1 किलो 882 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 53 हजार रुपये की मशरूका जब्त की गई है।

मोटरसाइकिल की डिक्की से मिला गांजा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 नवंबर 2026 को चौकी केशवाही पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर विधिवत तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम ब्रजराज सिंह कंवर, पिता स्वर्गीय छोटू सिंह कंवर, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम टेंधा, बड़का टोला, चौकी केशवाही, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे दो प्लास्टिक पैकेटों से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे का वजन कराने पर कुल मात्रा 1 किलो 882 ग्राम पाई। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है। वहीं गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 35 हजार रुपये आंकी गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 53 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

पूछताछ में सामने आया दूसरे व्यक्ति का नाम

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ किए जाने पर उसने बताया कि उक्त गांजा ग्राम मलया निवासी रमनेश पनिका से खरीदकर लाना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में संबंधित दूसरे व्यक्ति की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बुढ़ार निरीक्षक खेम सिंह पेंद्रो के नेतृत्व में चौकी केशवाही प्रभारी उपनिरीक्षक गंगा सिंह मार्को, सहायक उपनिरीक्षक आनंद कुमार संत, सहायक उपनिरीक्षक संतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक उमेश सिंह राठौर, आरक्षक जितेंद्र सिंह राठौर एवं निजी वाहन चालक प्रमोद कुमार सोनी की सराहनीय भूमिका रही।

नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बुढ़ार पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments