नशे के खिलाफ थाना प्रभारी संजय जायसवाल की कार्यवाही, 1548 नशीली गोलियां और 298 ग्राम गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद
शेखर खान संपादक
शहडोल। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोहागपुर पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली गोलियां एवं गांजा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 नवंबर 2026 को थाना सोहागपुर पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र सोनी उर्फ गोलू उर्फ मौसी, पिता सुरेश सोनी, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, वर्मन मोहल्ला, सोहागपुर, जिला शहडोल के घर पर विधिवत वैधानिक तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से Nitrazepam Tablets IP NITZASCEN-10 की कुल 1548 नशीली गोलियां तथा 298 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में नशीली गोलियों की अनुमानित कीमत 7 हजार रुपये, गांजे की कीमत 3 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत 10 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने नशीली गोलियां एवं गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने घर में छिपाकर रखना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले में अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी तलाश सोहागपुर पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
थाना प्रभारी संजय जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सोहागपुर निरीक्षक संजय जायसवाल के नेतृत्व में सउनि भागचंद चौधरी, उ.नि. नेहा उइके, प्र.आर. पंकज प्यासी, म.प्र.आर. बसंता सिंह श्याम, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बैस, आरक्षक वीरेंद्र पटेल, महिला आरक्षक मंजू साहू एवं चालक आरक्षक ब्रजराज डाबी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

0 Comments